Patna News: भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत कदवा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने खैरपुर कदवा गांव में शौचालय की टंकी की शटरिंग खोलने के दौरान दम घुटने से हुई तीन मजदूरों की मृत्यु को अत्यंत दुखद बताया है।
मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता की घोषणा
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आर्थिक सहायता का निर्देश दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 02-02 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान (Ex-gratia) देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि सहायता राशि जल्द से जल्द पीड़ित परिवारों तक पहुंचाई जाए।
“घटना से मर्माहत हूँ” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, “यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूँ।” उन्होंने दिवंगत आत्माओं की चिर शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करें।
हादसे की पृष्ठभूमि
गौरतलब है कि बुधवार को खैरपुर कदवा गांव में एक निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक की शटरिंग निकालने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से श्रीलाल मंडल, जयनंदन मंडल और बमबम मंडल की जान चली गई थी। स्थानीय स्तर पर एसडीपीओ और अन्य अधिकारियों ने पहले ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था, जिसके बाद अब राज्य सरकार की ओर से इस बड़ी सहायता की घोषणा की गई है।


