Crime News: भागलपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति को जारी रखते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर अवैध शराब, हथियार और ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मधुसूदनपुर थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को रंगे हाथ धर दबोचा है।
गुप्त सूचना पर गठित हुई स्पेशल टीम
सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के दिग्धी गांव में मादक पदार्थों की बड़ी खेप पहुंची है और वहां खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी नगर की निगरानी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर 2) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थल पर छापेमारी की गई।
खदेड़कर पकड़े गए सात तस्कर
पुलिस की छापेमारी टीम जैसे ही गांव पहुंची, वहां मौजूद तस्कर पुलिस को देखते ही भागने लगे। हालांकि, पहले से तैयार सशस्त्र बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और सभी सात संदिग्धों को खदेड़कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- शिशु कुमार
- राहुल कुमार
- राजेश कुमार
- चंदन कुमार दास
- धर्मवीर कुमार दास
- सिंदु कुमार
- बुध नारायण ठाकुर
ब्राउन शुगर और नकद बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की जब तलाशी ली गई, तो उनके पास से 8.15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा, मादक पदार्थों की बिक्री से जुटाए गए 8,650 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहां से आई थी और शहर के किन इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। पुलिस इस पूरे ड्रग्स नेटवर्क के सरगना की तलाश में जुटी हुई है और इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां होने की प्रबल संभावना है।


