Bhagalpur News: 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और अदम्य साहस के प्रतीक बाबू वीर कुंवर सिंह के शौर्य को याद करने के लिए भागलपुर पूरी तरह तैयार है। ‘बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव समारोह समिति’ के तत्वावधान में 23 अप्रैल, गुरुवार को शहर में एक भव्य विजयोत्सव और शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन को लेकर भागलपुर के युवाओं और आम लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
वीर कुंवर सिंह चौक से होगा शंखनाद
कार्यक्रम की शुरुआत गुरूवार सुबह 8 बजे वीर कुंवर सिंह चौक पर महानायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि के साथ होगी। इसके तुरंत बाद भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह ने बताया कि यह आयोजन केवल एक रस्म नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के बलिदान और वीरता से रूबरू कराने का एक सशक्त माध्यम है।
हाथी-घोड़े और ढोल-नगाड़े बनेंगे आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष की शोभा यात्रा अपनी भव्यता के लिए याद की जाएगी। यात्रा में पारंपरिक गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों के साथ ऊंट, हाथी और घोड़े शामिल रहेंगे, जो 1857 के उस दौर के गौरव की याद दिलाएंगे। शहर के मुख्य मार्गों से गुजरने वाली इस झांकी में हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
पूर्व संध्या पर दीपों से जगमगाया प्रतिमा स्थल
उत्सव की शुरुआत आज (22 अप्रैल) शाम से ही हो गई है। कार्यक्रम प्रभारी एडवोकेट डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि आज शाम प्रतिमा स्थल पर विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्य समारोह में कई वरिष्ठ राजनेताओं, बुद्धिजीवियों और विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है।
प्रशासन के साथ रूट और सुरक्षा पर समन्वय
भीड़ और यातायात को देखते हुए समिति ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर रूट प्लानिंग तैयार की है। मीडिया प्रभारी गोल्डन सिंह तोमर ने जानकारी दी कि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए वालंटियर्स की एक बड़ी टीम तैनात की गई है, ताकि शहरवासियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
शहरवासियों से जुड़ने की अपील
समिति के सदस्यों— डॉ. अजय कुमार सिंह, स्वेता सिंह, राहुल चौहान और अन्य ने सभी सामाजिक व राजनीतिक संगठनों से दलगत भावना से ऊपर उठकर इस गौरवपूर्ण यात्रा का हिस्सा बनने की अपील की है।
80 वर्ष की आयु में अपनी भुजा काटकर मां गंगा को अर्पित कर देने वाले बाबू वीर कुंवर सिंह का इतिहास भागलपुर की सड़कों पर कल जीवंत हो उठेगा। सिल्क सिटी का हर कोना ‘वीर कुंवर सिंह अमर रहें’ के नारों से गुंजायमान होने को तैयार है।


