Bhagalpur News: सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में हुए सनसनीखेज गोलीकांड ने पूरे प्रशासनिक महकमे को झकझोर कर रख दिया है। अपराधियों की गोलियों का शिकार हुए कर्तव्यनिष्ठ कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्ण भूषण प्रसाद की मौत के बाद आज भागलपुर के समीक्षा भवन में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में जिले के तमाम आला अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कर्तव्य की वेदी पर बलिदान हुए कृष्ण भूषण प्रसाद
बीते मंगलवार को सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में उस वक्त चीख-पुकार मच गई थी, जब हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े दफ्तर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस कायराना हमले में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद और नगर परिषद अध्यक्ष राजकुमार गुड्डू को गोलियां लगी थीं। गंभीर रूप से घायल ईओ कृष्ण भूषण प्रसाद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि सभापति का इलाज अभी भी जारी है।
डीएम ने याद किए अधिकारी के सेवा कार्य
शोक सभा को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा:
”कृष्ण भूषण प्रसाद एक बेहद शांत, सरल और अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित अधिकारी थे। पिछले एक साल से वे भागलपुर जिले में अपनी सेवाएं दे रहे थे। कहलगांव से लेकर सुल्तानगंज तक उनके कार्य करने की शैली सराहनीय थी। उनका इस तरह असमय जाना बिहार प्रशासनिक सेवा और जिले के लिए एक ऐसी क्षति है जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता।”
जिले में आक्रोश और सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों की सुरक्षा पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। दफ्तर के भीतर घुसकर एक राजपत्रित अधिकारी की हत्या से प्रशासनिक हलके में गहरा आक्रोश है।
- अधिकारियों की मौजूदगी: शोक सभा में एडीएम, एसडीओ सहित जिले के सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
- इलाज जारी: नगर परिषद अध्यक्ष राजकुमार गुड्डू अभी भी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, जिनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
न्याय की मांग तेज
शोक सभा के दौरान अधिकारियों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस प्रशासन का दावा है कि आरोपियों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है और बहुत जल्द सलाखों के पीछे होंगे।


