Bhagalpur News: भागलपुर जिले में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में भागलपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशानुसार गठित विशेष टीम ने जगदीशपुर थाना क्षेत्र से दो शातिर अपराधियों को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है।
कोलकाता से जुड़ा है तस्करी का तार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी कोलकाता से अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) लेकर भागलपुर आ रहे हैं, जिसे यहाँ के स्थानीय इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचा जाना था। इस सूचना के सत्यापन के लिए सिटी एसपी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में DIU टीम और जगदीशपुर पुलिस ने एक विशेष जाल बिछाया।
जगदीशपुर-सन्हौला मोड़ पर हुई घेराबंदी
पुलिस टीम जब जगदीशपुर-सन्हौला मोड़ के पास सघन वाहन जांच कर रही थी, तभी पुलिस बल को देखकर दो युवक भागने लगे। सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा कर दोनों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 200 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
- विनोद कुमार साह, पिता- अशोक साह (निवासी- अलीगंज गंगटी, थाना- बबरगंज, भागलपुर)
- अनुज कुमार, पिता- भुवनेश्वर तांती (निवासी- अलीगंज गंगटी, थाना- बबरगंज, भागलपुर)
छापामारी टीम में ये थे शामिल
इस सफल कार्रवाई में जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह, पु०अ०नि० अमन कुमार रवि, पु०अ०नि० धनंजय कुमार, DIU टीम भागलपुर और जगदीशपुर थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उनसे पूछताछ कर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है।


