Bhagalpur News: भागलपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। घटना मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नाव घाट के पास की है, जहां काम पर जा रहे एक मजदूर को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं बाइक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान भतोरिया निवासी मनोहर यादव (56 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दरियापुर की ओर से पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पास के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने बाइक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक उसी थाना क्षेत्र के तौसीफ खान के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है।
इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बाइक चालक की तलाश में जुट गई है।
मृतक के भतीजे राजेश कुमार यादव ने बताया कि मनोहर यादव मजदूरी के लिए घर से निकले थे, तभी यह हादसा हो गया। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे एक पुत्र और छह पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पत्नी अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।


