Patna News: पटना का मरीन ड्राइव यानी जेपी गंगा पथ आज ‘नारी शक्ति’ के नारों से गुंजायमान हो उठा। मौका था ‘नारी शक्ति फॉर विकसित भारत रन’ का, जिसमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। दीघा गोलंबर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सीएम ने हजारों महिलाओं और छात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि भारत की बदलती राजनीतिक तस्वीर और महिलाओं की बढ़ती ताकत का प्रतीक बनी।
ऐतिहासिक बदलाव की दहलीज पर भारत: 816 होगी लोकसभा सीटों की संख्या
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक बड़ा और क्रांतिकारी विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन (17 अप्रैल) भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने नारी शक्ति वंदन विधेयक का जिक्र करते हुए कहा कि इस विधेयक के लागू होने के बाद लोकसभा की सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 816 हो जाएगी।
मुख्यमंत्री के संबोधन के मुख्य बिंदु:
- एक-तिहाई आरक्षण: नई व्यवस्था में 816 सीटों में से एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
- संसद में गूंजेगी आवाज: अब महिलाएं न केवल अपनी आवाज बुलंद करेंगी, बल्कि देश के नीति-निर्माण में बराबर की हिस्सेदार बनकर ‘राज’ करेंगी।
- क्रांतिकारी दिन: सीएम ने इस विधेयक को आजादी के बाद महिलाओं को सबसे ज्यादा ताकत देने वाला कदम बताया।
नीतीश कुमार और पीएम मोदी के विजन की सराहना
सम्राट चौधरी ने बिहार में महिलाओं के उत्थान का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिहार पहला राज्य है जिसने पंचायती राज और नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। अब इसी राह पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद और विधानसभाओं में भी एक-तिहाई आरक्षण सुनिश्चित कर देश की नारी शक्ति को नई ऊंचाई दी है।
हस्ताक्षर अभियान और भव्य स्वागत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ के तहत चल रहे हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया और अपने हस्ताक्षर कर समर्थन व्यक्त किया। इससे पहले, अर्जुन पुरस्कार विजेता और विधायक श्रेयसी सिंह ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। जेपी गंगा पथ पर मौजूद हजारों महिलाओं ने हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया, जो राज्य सरकार की महिला कल्याणकारी नीतियों के प्रति उनके भरोसे को दर्शाता था।
दिग्गज हस्तियों की रही मौजूदगी
इस गौरवमयी अवसर पर विधायक रमा निषाद, संगीता कुमारी, पटना की महापौर सीता साहू के अलावा प्रशासनिक स्तर पर पटना के जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम० और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


