Bihar News: बिहार विधानमंडल में वित्त मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव द्वारा पेश किए गए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे सम्पूर्ण, समावेशी और विकास को गति देने वाला बजट बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित है और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष बिहार का कुल बजट 3 लाख 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30 हजार करोड़ रुपये ज्यादा है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार की विकास दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो राज्य की मजबूत होती अर्थव्यवस्था को दर्शाता है।
नीतीश कुमार ने कहा कि यह बजट सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है और इसके लिए वित्तीय संसाधनों का समुचित प्रबंधन कर कार्य शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर परिवार की एक महिला को रोजगार के लिए 2 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान किया गया है, जिससे महिलाओं के सशक्तीकरण को नई मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने, युवाओं के कौशल विकास और हर परिवार को अवसर प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के क्षेत्र में अब तक हुए विकास को और आगे बढ़ाने के लिए इस बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। राज्य सरकार के अपने राजकोषीय संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार की विकास गति और तेज होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा और यह बजट राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।


