Bhagalpur News: भागलपुर जिले के युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की कमर तोड़ने के लिए भागलपुर पुलिस ने एक विशेष महाभियान का बिगुल फूंक दिया है। रविवार, को “स्वस्थ युवा – स्वस्थ भागलपुर” अभियान के औपचारिक शुभारंभ के साथ ही समीक्षा भवन में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
वरिय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बनी रणनीति
इस कार्यशाला की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), भागलपुर ने की। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक सहित जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए जिले के सभी थानों के अपर थाना अध्यक्षों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया और उन्हें अपने-अपने क्षेत्र के लिए ‘नोडल पदाधिकारी’ नामित किया गया है।
नोडल अधिकारियों को मिले कड़े निर्देश
कार्यशाला के दौरान एसएसपी ने सभी नोडल अधिकारियों को स्पष्ट रोडमैप थमा दिया है। अभियान के तहत मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर कार्रवाई की जाएगी:
- हॉटस्पॉट की पहचान: प्रत्येक थाना क्षेत्र में उन जगहों को चिन्हित किया जाएगा जहाँ ड्रग्स की खरीद-बिक्री या सेवन अधिक होता है। इन स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
- इंटेलिजेंस नेटवर्क: ड्रग्स सप्लायरों के खिलाफ सटीक जानकारी जुटाने के लिए एक मजबूत सूचना तंत्र (Informer System) विकसित किया जाएगा।
- संयुक्त छापेमारी: सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के साथ तालमेल बिठाकर बड़े सप्लायरों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।
- अपराधियों का डेटाबेस: नशे के कारोबार में शामिल जेल में बंद, रिहा हुए या वांछित अपराधियों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- वैज्ञानिक जांच: ड्रग्स की बरामदगी से लेकर सैंपलिंग और उसे FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) भेजने की प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग होगी।
शिक्षण संस्थानों पर रहेगी विशेष नजर
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा। विशेष रूप से स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।
आम जनता से अपील: आपकी पहचान रहेगी गुप्त
भागलपुर पुलिस ने नागरिकों से इस मुहिम में भागीदार बनने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी के पास भी ड्रग्स के अवैध व्यापार से संबंधित कोई जानकारी है, तो वे सीधे SSP, नगर SP, थाना अध्यक्ष या नोडल पदाधिकारी को सूचित करें।
महत्वपूर्ण नोट: सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उनकी जानकारी के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


