Homeबिहारमुजफ्फरपुर हिंसा मामले में गरमाई सियासत, पीड़ित परिवार से मिले पप्पू यादव—उच्च...

मुजफ्फरपुर हिंसा मामले में गरमाई सियासत, पीड़ित परिवार से मिले पप्पू यादव—उच्च स्तरीय जांच की मांग

गायघाट के चोरनिया गांव पहुंचे सांसद, प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप; मौत के कारण को लेकर विवाद गहराया, SIT जांच की उठी मांग

Mujaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में हुई हिंसक झड़प और एक व्यक्ति की मौत के बाद अब मामला पूरी तरह सियासी रंग ले चुका है। चोरनिया गांव में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे पूर्णिया सांसद Pappu Yadav ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
मंगलवार देर रात असिया गांव में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी, जिसके बाद पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस दौरान 60 वर्षीय जगतवीर राय की मौत हो गई। हालांकि, मौत के कारण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जगतवीर राय की मौत गोली लगने से हुई, जबकि पुलिस इस बात से इनकार कर रही है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला POCSO कोर्ट के एक आदेश के अनुपालन में शुरू हुआ। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए असिया गांव पहुंची थी, इसी दौरान ग्रामीणों के साथ टकराव हो गया और स्थिति बेकाबू हो गई। देखते ही देखते झड़प हिंसक रूप ले बैठी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद बुधवार को चोरनिया गांव पहुंचे सांसद पप्पू यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह किसी जाति विशेष के लिए नहीं, बल्कि न्याय के लिए यहां आए हैं। उन्होंने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि “कानून और प्रशासन पूरी तरह निकम्मा और लापरवाह हो गया है।”
पप्पू यादव ने इस पूरे मामले की जांच पटना स्तर की विशेष जांच टीम (SIT) से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक सच्चाई सामने नहीं आ पाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुजफ्फरपुर में पहले भी उन्होंने अपराधियों और जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ आवाज उठाई है और आगे भी लड़ाई जारी रखेंगे।
इधर, पुलिस अब भी यह मानने को तैयार नहीं है कि मौत गोली लगने से हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग न्याय की मांग को लेकर आक्रोशित हैं, वहीं राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या सामने आता है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय मिल पाता है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular