Bhagalpur News: भागलपुर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत हबीबपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वायरल वीडियो से मची थी खलबली
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ अपराधी बेखौफ होकर हथियार लहराते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आते ही वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) भागलपुर ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए नगर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक नगर के निगरानी में एक विशेष टेक्निकल और छापेमारी टीम का गठन किया।
अम्बे रोड स्थित गांव में छिपे थे अपराधी
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की, जिससे पता चला कि वीडियो में दिख रहे अपराधी हबीबपुर थाना क्षेत्र के अम्बे रोड स्थित अपने गांव में छिपे हुए हैं। पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर दो अपराधियों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान इस प्रकार है:
- करण कुमार, पिता- परमानन्द साह।
- मिथलेश कुमार, पिता- नागेश्वर साह। ये दोनों आरोपी अम्बे रोड हटिया, थाना हबीबपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
लिखित शिकायत के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में वादी मो. तारिक (पिता- मो. मनीर, सा. भतुआवाड़ी) के लिखित आवेदन के आधार पर हबीबपुर थाना कांड संख्या- 60/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस अब इन अपराधियों से पूछताछ कर रही है ताकि वीडियो में शामिल अन्य लोगों और हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा सके।
पुलिस टीम में शामिल जांबाज
इस सफल छापेमारी दल का नेतृत्व पु.अ.नि. सह-थानाध्यक्ष सफदर अली (हबीबपुर थाना) कर रहे थे। टीम में पु.अ.नि. संतोष कुमार, पु.अ.नि. प्रियरंजन और हबीबपुर थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों और सोशल मीडिया पर भय फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


