Gopalganj News: बिहार के गोपालगंज जिले से मानव तस्करी और नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ एक बड़ी सफलता की खबर सामने आई है। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑर्केस्ट्रा और डांस ग्रुप के नाम पर चल रहे खौफनाक नेटवर्क का पर्दाफाश किया। इस गिरोह के तहत मासूम लड़कियों को न सिर्फ जबरन डांस करवाया जा रहा था, बल्कि उनका मानसिक और शारीरिक शोषण भी किया जा रहा था।
गोपनीय सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में पुलिस के साथ-साथ सामाजिक संगठन – एसोसिएशन फॉर वोलंटरी एक्शन, पटना और नारायणी सेवा संस्थान, गोपालगंज के सदस्य भी शामिल थे। महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दिघवा-दुबौली, लक्ष्मीगंज और रेवतीथ गांव में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को 10 लड़कियां बरामद हुईं, जिनमें 9 नाबालिग और 1 बालिग थी। यह लड़कियां विभिन्न राज्यों से लाई गई थीं – बिहार के जहानाबाद से 1, सीवान से 2, पश्चिम बंगाल से 5, उत्तर प्रदेश से 1 और छत्तीसगढ़ से 1 लड़की। इन सभी लड़कियों से जबरन डांस करवाया जा रहा था और उन्हें अश्लील हरकतों के लिए मजबूर किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से 1 ऑर्केस्ट्रा संचालक और 2 संचालिकाओं को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही 3 मोबाइल फोन और बुकिंग से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए। इस दस्तावेज़ी साक्ष्य और मोबाइल डेटा के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। सदर एसडीपीओ-2, राजेश कुमार के अनुसार, रेवती बाजार और लक्ष्मी बाजार में चलाए गए अभियान में नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि बरामद लड़कियों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही लड़कियों को कानूनी सहायता और काउंसलिंग भी प्रदान की जा रही है, ताकि वे इस सदमे से बाहर निकल सकें।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। इससे पहले भी महम्मदपुर थाना क्षेत्र में ऐसी कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट हो गया है कि पुलिस अब इस अवैध गिरोह के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड में है।
हालांकि सवाल यह है कि आखिर कब तक मासूम लड़कियां ऐसे गिरोहों का शिकार होती रहेंगी और समाज में छिपे ये चेहरे कब तक बेनकाब होंगे। लेकिन इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि पुलिस और समाज मिलकर इस अपराध पर सख्ती से लगाम लगा सकते हैं।
गोपालगंज में ऑर्केस्ट्रा के बहाने नाबालिगों का शोषण करने वाला गिरोह गिरफ़्तार, 10 लड़कियां मुक्त
दिघवा-दुबौली, लक्ष्मीगंज और रेवतीथ गांव में छापेमारी, 10 लड़कियों को मुक्त कराया गया, 3 आरोपियों को गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी


