Bhagalpur News: भागलपुर जिले के Sultanganj नगर परिषद द्वारा Swachh Survekshan 2025–2026 के तहत गंगा स्वच्छता पखवाड़ा दिवस के अवसर पर एक भव्य स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और गंगा को साफ-सुथरा रखने का संदेश देना था।
रैली की शुरुआत नगर परिषद कार्यालय परिसर से की गई, जिसमें नगर सभापति राज कुमार गुड्डू, प्रशिक्षु एएसपी सयाम रजा, पुलिस पदाधिकारी, वार्ड पार्षद, नगर परिषद के कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स तथा सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए लोगों को स्वच्छता का संदेश देती हुई आगे बढ़ी।
इस दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता से जुड़े नारे लगाए और लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। रैली का समापन नमामि गंगा घाट पर किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने गंगा घाट की सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई।
नगर परिषद सुल्तानगंज के सभापति राज कुमार गुड्डू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–2026 के तहत शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से ही शहर को स्वच्छ बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखें और गंगा नदी को प्रदूषण से बचाने में सहयोग करें।
इस मौके पर इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, वार्ड पार्षद नवीन कुमार बन्नी, सुभाष कुमार, रीना देवी, संजय चौधरी सहित नगर परिषद के कई जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही नगर परिषद के प्रधान सहायक राजीव रंजन चौधरी और कर्मी क्रांति कुमारी सहित कई अन्य पदाधिकारी और कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।


