Bhagalpur News: भागलपुर जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद अचानक मारपीट में बदल गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज भागलपुर के मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर भुनेश्वर यादव और हीना देवी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों बुरी तरह जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के संबंध में घायल पक्ष के वृद्ध पिता ने बताया कि करीब एक बीघा जमीन को लेकर परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पहले जमीन को बराबर-बराबर बांटने की सहमति बनी थी, लेकिन आरोप है कि प्रकाश यादव अधिक जमीन लेने की जिद पर अड़ा हुआ था।
जब परिवार के अन्य सदस्यों ने इसका विरोध किया, तो वह आक्रोशित हो गया और अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना से पहले पुलिस को विवाद की सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वृद्ध पिता का कहना है कि अगर पुलिस पहले ही हस्तक्षेप करती, तो शायद इतनी बड़ी घटना टल सकती थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


