Bhagalpur News: बबरगंज थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर भव्य कलश शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत यह शोभा यात्रा मोहद्दीनगर दुर्गा मंदिर से प्रारंभ होकर कुतुबगंज होते हुए शिव मंदिर परिसर पहुंची।
कलश शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं युवतियां शामिल हुईं, जो सिर पर कलश धारण कर पूरे भक्ति भाव के साथ आगे बढ़ती नजर आईं। डीजे पर बज रहे भक्तिमय गीतों और जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने शोभा यात्रा का स्वागत किया। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखा गया।
शिव मंदिर परिसर पहुंचने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की।


