Homeभागलपुर सिटीसैंडिश कंपाउंड में एंट्री शुल्क समय बदलने की मांग तेज, मां आनंदी...

सैंडिश कंपाउंड में एंट्री शुल्क समय बदलने की मांग तेज, मां आनंदी संस्था ने डीएम को सौंपा ज्ञापन


Bhagalpur News: भागलपुर शहर के लोकप्रिय सैंडिश कंपाउंड मैदान में लिए जा रहे एंट्री शुल्क और उसके समय निर्धारण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गुरुवार को मां आनंदी संस्था तथा पूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों ने इस विषय पर जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के दौरान संस्था से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं के साथ पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे।

संस्था की संस्थापिका प्रिया सोनी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पिछले कई दिनों से सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक एंट्री शुल्क वसूला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुल्क व्यवस्था के आड़ में मैदान के अंदर बिना कारण रहने वाले कुछ युवक-युवतियां असामाजिक और अनुचित गतिविधियों में शामिल होते दिखाई देते हैं। इसके कारण मैदान का माहौल प्रभावित हो रहा है, जो बच्चों, महिलाओं तथा परिवार के साथ आने वाले लोगों के लिए उचित नहीं है।

प्रिया सोनी ने कहा कि सैंडिश कंपाउंड शहर के आम जनता के लिए खुला रहता है, लेकिन शुल्क के समय को ठंड के मौसम एवं भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए बदला जाना चाहिए। उनका कहना था कि सुबह और शाम का समय व्यायाम, खेल-कूद तथा टहलने के लिए अधिक उपयुक्त होता है, इसलिए शुल्क की समय सीमा को पुनः निर्धारित किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि मैदान में प्रवेश शुल्क का औचित्य तभी है जब वहां अनुशासन, निगरानी तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यदि शुल्क लिया जा रहा है, तो मैदान में सुरक्षा गार्ड, CCTV तथा किसी भी तरह की अवांछनीय गतिविधियों पर रोक लगाना प्रशासन की जिम्मेदारी होनी चाहिए।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। आश्वासन मिलने पर संस्था की सदस्यों ने डीएम का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मां आनंदी संस्था समाजिक हित और सार्वजनिक स्थानों की मर्यादा बनाए रखने के लिए आगे भी इसी तरह जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular