Bhagalpur News: भागलपुर में बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के बैनर तले राजस्व कर्मचारियों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह धरना जिलाधिकारी कार्यालय के पीछे आयोजित किया गया, जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारी शामिल हुए।
धरना दे रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि राज्य के सभी राजस्व कर्मचारियों को अविलंब उनके गृह जिला में पदस्थापित किया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से दूर-दराज के जिलों में तैनाती के कारण उन्हें पारिवारिक, सामाजिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने ग्रेड पे बढ़ाने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया। कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें मात्र 1900 रुपये का ग्रेड पे दिया जा रहा है, जो महंगाई के इस दौर में अपर्याप्त है। संघ ने इसे बढ़ाकर 2800 रुपये किए जाने की मांग रखी है।
संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि राजस्व कर्मचारियों की मांगें लंबे समय से सरकार के समक्ष लंबित हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की, तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर और तेज किया जाएगा।
धरना के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने की भी तैयारी की।


