Bhagalpur News: भागलपुर के चंपानगर इलाके में आज बुनकर संघर्ष समिति की ओर से एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बुनकर समुदाय के लोग शामिल हुए। सभा में बुनकरों ने अपनी ज्वलंत समस्याओं और मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की।
सभा को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष निजहत अंसारी ने सरकार से बुनकरों की जायज़ मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने बुनकरों के लिए बिजली बिल में 75 प्रतिशत सब्सिडी देने की मांग करते हुए कहा कि बुनकरों के घरों में डीजी सेट और स्मार्ट मीटर लगाए जाने से उनकी परेशानियां और बढ़ेंगी।
निजहत अंसारी ने कहा कि वर्तमान हालात ऐसे हैं कि बुनकर पहले बिजली बिल चुकाने और फिर करघा चलाने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि भागलपुर की बड़ी आबादी परंपरागत रूप से बुनाई कार्य से जुड़ी है और अधिकतर बुनकर अपने घरों में ही काम करते हैं, लेकिन आर्थिक बदहाली ने उनका जीवन मुश्किल बना दिया है।
वक्ताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा सुविधाओं और उचित बाजार व्यवस्था की कमी को भी बुनकरों की दुर्दशा का बड़ा कारण बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सरकार ने कदम नहीं उठाए तो विश्व प्रसिद्ध “सिल्क सिटी भागलपुर” की पहचान खतरे में पड़ सकती है।
सभा में अशफाक अंसारी, फैज हमद, अयाज अंसारी, आयतुल्लाह गोलू, मतिन, इलियास, आलम और असलम नियाज़ी सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। सभी ने बुनकरों से अपील की कि वे नियमित रूप से 25 प्रतिशत बिजली बिल का भुगतान करते रहें और अपनी मांगों को लेकर एकजुट संघर्ष जारी रखें।


