Patna News: बिहार के पासपोर्ट आवेदकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने नागरिक सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। पश्विम चंपारण जिले के राम नगर (वाल्मीकि नगर निर्वाचन क्षेत्र) में नए पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) का उद्घाटन होने जा रहा है।
13 अप्रैल को होगा भव्य उद्घाटन
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना के अंतर्गत इस नए केंद्र का उद्घाटन 13 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे प्रेम जननी संस्कृत उच्च विद्यालय, राम नगर में किया जाएगा। कार्यक्रम में वाल्मीकि नगर के सांसद, स्थानीय विधायक और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
अब घर के पास मिलेंगी ये सुविधाएं
रामनगर का यह केंद्र बिहार का 38वां और भारत का 454वां पासपोर्ट सेवा केंद्र होगा। यहाँ निम्नलिखित सुविधाएं मिलेंगी:
- नया आवेदन और नवीनीकरण: नए पासपोर्ट के लिए आवेदन और पुराने पासपोर्ट का रिन्यूअल।
- PCC सेवा: पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) जारी करने की सुविधा।
- स्लॉट की जानकारी: रोजाना कुल 45 पासपोर्ट और 5 PCC अपॉइंटमेंट स्लॉट उपलब्ध होंगे।
- तेज डिलीवरी: वेरिफिकेशन और बायोमेट्रिक्स के बाद, रिपोर्ट क्लियर होने पर मात्र 5 दिनों में पासपोर्ट स्पीड पोस्ट से आवेदक के घर पहुँच जाएगा।
बिहार में पासपोर्ट सेवा का ‘मिशन 40’ पूरा
इस केंद्र के शुरू होते ही बिहार के सभी 40 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में पासपोर्ट कार्यालय पूरी तरह सक्रिय हो जाएंगे। यह सरकार की ‘अंतिम मील तक सेवा’ (Last Mile Delivery) की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अब वाल्मीकि नगर और आसपास के दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को पासपोर्ट के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी होगी, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
आंकड़ों में पश्विम चंपारण की बढ़ती मांग
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पश्विम चंपारण जिले में पासपोर्ट की मांग में जबरदस्त उछाल आया है:
- 2024: कुल 21,701 आवेदन प्राप्त हुए।
- 2025: आवेदन संख्या बढ़कर 26,730 हो गई (लगभग 23.2% की वृद्धि)।
- समावेशी सेवा: पिछले साल 1,610 महिलाओं और 3 ट्रांसजेंडर आवेदकों को भी पासपोर्ट जारी किए गए, जो समाज के हर वर्ग की बढ़ती भागीदारी को दिखाता है।


