Homeभागलपुर सिटीभागलपुर में वेब मीडिया का महाकुंभ: WJAI के वेब मीडिया समागम–सह–7वें स्थापना...

भागलपुर में वेब मीडिया का महाकुंभ: WJAI के वेब मीडिया समागम–सह–7वें स्थापना दिवस का भव्य आग़ाज़

Bhagalpur News: अंग प्रदेश की रेशमी नगरी भागलपुर के आनंद उत्सव पैलेस, आनंदगढ़ में देश के सबसे बड़े वेब पत्रकार संगठ वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) द्वारा आयोजित वेब मीडिया समागम सह 7वां स्थापना दिवस भव्यता के साथ आरंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं आचार्य प्रो. डॉ. संजय द्विवेदी, न्यूज़ 18 के ग्रुप एडिटर ब्रजेश कुमार सिंह तथा देशभर से पधारी मीडिया की दिग्गज हस्तियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा, “वेब मीडिया आज लोकतंत्र की रीढ़ बन चुका है। इसकी ताकत जनपक्षीयता और निर्भीकता में है। पत्रकारों को राष्ट्र, समाज और सत्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी को कभी नहीं भूलना चाहिए।”

प्रो. डॉ. संजय द्विवेदी ने वेब पत्रकारिता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा, “वेब मीडिया की सबसे बड़ी शक्ति उसकी गति है, लेकिन विश्वसनीयता ही उसकी असली पहचान है। तथ्य, संतुलन और संवेदनशीलता—ये तीन स्तंभ वेब पत्रकारिता को मजबूत बनाते हैं।”

न्यूज़ 18 के ग्रुप एडिटर ब्रजेश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “डिजिटल युग में खबर सबसे पहले नहीं, बल्कि सबसे सही देने की होड़ होनी चाहिए। वेब पत्रकारों को क्लिक से अधिक क्रेडिबिलिटी पर ध्यान देना होगा।”

इस अवसर पर संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित रंजन ने अतिथियों को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया।
वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं देशभर से आए वेब पत्रकारों का अभिनंदन करते हुए कहा, “भागलपुर की पावन धरती पर वेब मीडिया समागम सह WJAI के 7वें स्थापना दिवस में आप सभी का स्वागत करना हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात है। वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सत्य, साहस और संवेदनशील पत्रकारिता का साझा मंच है। आज वेब मीडिया लोकतंत्र की चौथी स्तंभ के रूप में नई जिम्मेदारियां निभा रहा है। हमारी कोशिश है कि वेब पत्रकारों को एकजुट कर उन्हें प्रशिक्षण, संरक्षण और पहचान दिलाई जाए, ताकि वे निर्भीक होकर जनहित की पत्रकारिता कर सकें।”

उद्घाटन सत्र में पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, भागलपुर विधायक रोहित पाण्डेय, पूर्व उप महापौर डॉ प्रीति शेखर, भाजपा नेता पवन पासवान भी मौजूद रहे।

तकनीकी सत्र के दौरान ‘अमर उजाला’ के बिहार-झारखंड हेड कुमार जितेंद्र ज्योति ने डिजिटल मीडिया के पत्रकारों को बताया कि जैसे अखबार की विश्वसनीयता को पाठक आंकता है, उससे भी ज्यादा गूगल वेब के कंटेंट-वीडियो का अध्ययन करता है। उन्होंने वेब मीडियाकर्मियों को सोशल मीडिया की तरह आपाधापी से बचते हुए विश्वसनीय और स्तरीय कंटेंट बनाने संबंधित तकनीकी जानकारी भी दी।

न्यूज 18 बिहार-झारखंड के एडिटर ब्रज मोहन सिंह ने वेब मीडियाकर्मियों की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए बताया कि किस तरह वह मुख्य धारा में आ रहे हैं और कैसे उन्हें ज्यादा से ज्यादा लोगों के विश्वास पर खरा उतरना है।

इस मौके पर न्यूज 18 के इनपुट एडिटर मनोज मलयनिल ने डिजिटल मीडियाकर्मियों को खबरों के चयन को लेकर अहम जानकारी दी। पंजाब केसरी डिजिटल के बिहार-झारखंड हेड प्रवीण झा ने वेब मीडिया की तकनीकों से पत्रकारों को रूबरू कराया।

कार्यक्रम के अंत में WJAI के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा— “इस ऐतिहासिक समागम की सफलता के लिए मैं मंचासीन सभी अतिथियों, वक्ताओं, देश के कोने-कोने से पधारे वेब पत्रकारों, आयोजक टीम और मीडिया साथियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आप सभी की सहभागिता ने यह साबित कर दिया है कि वेब पत्रकारिता का भविष्य उज्ज्वल है। हमारा संगठन वेब पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।”

खुला अधिवेशन: पत्रकारों की बेबाक आवाज़

पहले दिन के तीसरे सत्र में आयोजित खुले अधिवेशन में पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी, मिथिलेश मिश्रा, चंदन कुमार, सुरभित दत्त, गणपत आर्यन, संतोष झा, अनुपमा कौशल शरण्य मानवाधिकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष ईशान सिन्हा सहित कई वेब पत्रकारों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने वेब पत्रकारों की चुनौतियों, सुरक्षा, मान्यता और संगठन की मजबूती पर खुलकर चर्चा की। सत्रों का संचालन राष्ट्रीय सचिव मधूप मणि पिक्कू ने किया। समागम के पहले दिन का समापन वेब पत्रकारिता को और अधिक सशक्त, विश्वसनीय और जनोन्मुखी बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular