Bhagalpur News: भागलपुर में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर जोरदार तैयारी शुरू हो गई है। जिले के समीक्षा भवन में स्वास्थ्य कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया, ताकि 10 फरवरी से शुरू होने वाले अभियान में घर-घर जाकर दवा वितरण सुचारू रूप से किया जा सके। यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने स्वास्थ्य कर्मियों को दवा वितरण की प्रक्रिया, सुरक्षा सावधानियों और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
दवा वितरण की खास बातें
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि फाइलेरिया की दवा 2 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को दी जाएगी और इसका कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं है। हालांकि, गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति और गर्भवती महिलाएं यह दवा नहीं लेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दवा खाली पेट नहीं खानी है।
डॉ. अशोक कुमार ने आम लोगों से अभियान में सहयोग करने और स्वास्थ्य कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि जिले में फाइलेरिया का उन्मूलन जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जा सके।


