Patna News: राजधानी पटना में फिटनेस और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिट इंडिया कार्निवल 2026 का भव्य आयोजन किया गया। Sports Authority of India (SAI) पटना द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल संघों, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दैनिक जीवन में खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर बिहार सरकार की खेल मंत्री Shreyasi Singh मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनका स्वागत SAI पटना के केंद्र प्रभारी सोमेश्वर राव चव्हाण ने बुके और शॉल देकर किया। कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे, जिनमें निदेशक जनगणना एम. रामचंद्रुडु, Bihar Olympic Association के अध्यक्ष अजय कुमार और हरिद्वार से आए राकेश आचार्य शामिल थे।
फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील
अपने संबोधन में खेल मंत्री Shreyasi Singh ने कहा कि फिटनेस केवल एक व्यक्तिगत आदत नहीं बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया केवल एक अभियान नहीं बल्कि जन आंदोलन है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से खेल और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
जुम्बा से हुई शुरुआत, दीप प्रज्वलन से उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत एक ऊर्जावान जुम्बा सेशन से हुई, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसके बाद अतिथियों के स्वागत के पश्चात पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
खेलों के डेमो और स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
फिट इंडिया कार्निवल के दौरान ताइक्वांडो, वुशु और योग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विभिन्न खेल संघों द्वारा सड़क पर डेमो सत्र आयोजित किए गए, जिससे खेलों की व्यापक पहचान और जागरूकता बढ़ सके।
कार्यक्रम में मल्लखंब, जिम्नास्टिक, अत्या-पत्या, स्केटिंग, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, वुशु, सेपक टकरा, योगासन, जुम्बा और मिनी जिम जैसे खेलों के स्टॉल लगाए गए, जहां प्रतिभागियों को खेलों के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें खुद भी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला।
खिलाड़ियों से मिलकर बढ़ाया उत्साह
उद्घाटन के बाद खेल मंत्री Shreyasi Singh ने सभी खेल स्टॉल और डेमो सत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और प्रतिभागियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
फिट इंडिया कार्निवल 2026 का यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने न केवल फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाई बल्कि युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का मजबूत संदेश भी दिया।


