Homeभागलपुर सिटीभागलपुर में LPG को लेकर DM का बड़ा बयान: “गैस की कोई...

भागलपुर में LPG को लेकर DM का बड़ा बयान: “गैस की कोई कमी नहीं, घबराएं नहीं”

3 दिनों में हो रही सप्लाई, कालाबाजारी पर सख्ती; 24×7 कंट्रोल रूम नंबर भी जारी

Bhagalpur News: भागलपुर में एलपीजी गैस को लेकर फैली आशंकाओं के बीच जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बड़ा बयान देते हुए स्थिति पूरी तरह सामान्य होने की बात कही है। समीक्षा भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने साफ कहा कि जिले में एलपीजी गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों की लगातार निगरानी की जा रही है। एजेंसियों के स्टॉक की प्रतिदिन जांच हो रही है, ताकि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति बुकिंग के अधिकतम तीन दिनों के भीतर सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस की ऑनलाइन बुकिंग को प्राथमिकता दें और अनावश्यक रूप से गैस गोदाम या दुकानों पर भीड़ न लगाएं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि घबराहट में एडवांस स्टॉक जमा करना न केवल अनावश्यक है, बल्कि इससे अन्य उपभोक्ताओं को दिक्कत हो सकती है।

गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने 24×7 संचालित जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। उपभोक्ता 0641-2402871 नंबर पर संपर्क कर अपनी शिकायत या सूचना दर्ज करा सकते हैं।

इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी के साथ तिलका मांझी चौक स्थित मधु गैस गोदाम का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उपलब्ध स्टॉक और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आगे भी गैस गोदामों और दुकानों पर नियमित छापेमारी और निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि कालाबाजारी या कृत्रिम कमी जैसी स्थिति उत्पन्न न हो और आम लोगों को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

“जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है, उपभोक्ता घबराएं नहीं और अनावश्यक स्टॉक न करें” – डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी भागलपुर

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular