HomeSportsछक्कों की बारिश में डीएम 11 का जलवा, एलआईसी टीम 98 रन...

छक्कों की बारिश में डीएम 11 का जलवा, एलआईसी टीम 98 रन से पराजित

डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग में बना इतिहास, एक ही मैच में चार बल्लेबाजों के अर्धशतक—शलभ कुमार बने मैन ऑफ द मैच

Sports News: भागलपुर के जिला स्कूल मैदान पर खेले गए डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग के एक रोमांचक मुकाबले में डीएम 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलआईसी विभागीय टीम को 98 रनों से करारी शिकस्त दी। यह मैच पूरी तरह से डीएम 11 के बल्लेबाजों के नाम रहा, जिन्होंने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए रनों का अंबार खड़ा कर दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएम 11 की टीम ने महज 15 ओवर में 239 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। इस दौरान टीम के बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर छक्कों और चौकों की बारिश कर दी। खास बात यह रही कि टीम के चार बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़कर एक नया इतिहास रच दिया। डिपार्टमेंट क्रिकेट लीग में यह पहला मौका है जब एक ही टीम के चार खिलाड़ियों ने एक ही मैच में पचास से अधिक रन बनाए हैं।
टीम की इस शानदार जीत में शलभ कुमार का अहम योगदान रहा, जिन्हें उनकी तूफानी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। शलभ ने सिर्फ 22 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। वहीं हितेश ने तो मानो गेंदबाजों की धज्जियां ही उड़ा दीं—उन्होंने मात्र 18 गेंदों में 10 छक्के लगाते हुए नाबाद 76 रन ठोक दिए।
डीएम 11 के कप्तान धनंजय लाल की आक्रामक रणनीति का असर पूरे मैच में साफ नजर आया। उनकी कप्तानी में टीम ने न सिर्फ बड़ा स्कोर खड़ा किया, बल्कि गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया।
239 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलआईसी टीम की शुरुआत लड़खड़ा गई। हालांकि सत्यम भारद्वाज ने 36 गेंदों में 70 रन और राहुल कुमार ने 27 गेंदों में 51 रन की तेज पारी खेलकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। पूरी टीम 141 रनों पर सिमट गई।
इस शानदार जीत के साथ डीएम 11 ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है और अन्य टीमों के लिए कड़ा संदेश भी दे दिया है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular