Bihar News: पश्चिम चम्पारण जिले के बेतिया अंतर्गत नरकटियागंज क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आय से अधिक संपत्ति के मामले में शिवहर के डीडीसी बृजेश कुमार के पैतृक घर पर विजिलेंस टीम ने छापेमारी की। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर पटना से पहुंची स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) की टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, टीम सेखुवनिया जमुनिया गांव स्थित बृजेश कुमार के पैतृक आवास पर पहुंची, लेकिन वहां घर बंद मिला। इसके बाद टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। गांव के वार्ड सदस्य कारी गद्दी से भी विस्तृत जानकारी ली गई। इस दौरान कई ग्रामीणों से भी पूछताछ कर टीम ने अहम सुराग जुटाने की कोशिश की।
मामले को लेकर स्पेशल विजिलेंस यूनिट के डीएसपी संजय वर्मा ने बताया कि बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला न्यायालय में दर्ज है। इसी के तहत उनके सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि पैतृक गांव में बृजेश कुमार का आना-जाना काफी कम है, जिसके कारण घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं मिला।
जांच में यह भी सामने आया कि उनके पिता अवधेश कुमार राम एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जो फिलहाल गांव में नहीं रहते हैं। वहीं, परिवार में संपत्ति का बंटवारा भी अभी तक नहीं हुआ है। बताया गया कि पैतृक घर पर फिलहाल उनके भाई सुखदेव का कब्जा है।
हालांकि छापेमारी के दौरान टीम को घर के अंदर प्रवेश नहीं मिल सका, लेकिन आसपास के लोगों से पूछताछ और अन्य स्रोतों से जानकारी जुटाने का सिलसिला जारी रहा। टीम अब बृजेश कुमार के अन्य ठिकानों और संपत्तियों की भी जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद पूरे गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और मामले को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। फिलहाल विजिलेंस टीम की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर टिकी हुई है।
आय से अधिक संपत्ति मामले में DDC बृजेश कुमार के पैतृक घर पर छापेमारी, घर मिला बंद
पटना विजिलेंस टीम की कार्रवाई, गांव में घंटों चली जांच, परिजन नहीं मिलने से बढ़ी चर्चा


