भागलपुर जिले के सबौर अंचल कार्यालय के पास स्थित एक बगीचे में शनिवार की सुबह एक विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सबौर थाना क्षेत्र के निवासी साहिल दास की पत्नी सीमा देवी (उम्र लगभग 22 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सीमा देवी का विवाह लगभग एक वर्ष पूर्व हुआ था। उसका पति साहिल दास काम की तलाश में बाहर राज्य में रहता था, जिस कारण वह अक्सर घर में अकेली रहा करती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हालांकि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जिस प्रकार से शव पेड़ पर लटका हुआ पाया गया, उसे देख कर हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि सीमा देवी और उसके पति के बीच वैवाहिक जीवन में तनाव चल रहा था।
पेड़ की ऊंचाई और फंदा बांधने के तरीके को लेकर लोग आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल उठा रहे हैं। परिजनों ने भी मामले में साजिश की संभावना जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है। सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।


