HomeबिहारCM नीतीश कुमार का राजगीर दौरा: गंगाजी राजगृह जलाशय का निरीक्षण, मलमास...

CM नीतीश कुमार का राजगीर दौरा: गंगाजी राजगृह जलाशय का निरीक्षण, मलमास मेला की तैयारियों पर सख्त निर्देश

Patna News:  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को नवादा जिले के नारदीगंज अंचल स्थित मोतनाजे गांव के पास अवस्थित गंगाजी राजगृह जलाशय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गंगाजी जल आपूर्ति योजना के तहत शुद्ध पेयजल की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे और सुरक्षा व स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से गया, बोधगया, नवादा तथा राजगीर के लोगों को गंगाजल शुद्ध पेयजल के रूप में उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने जलाशय परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने नालंदा जिले के राजगीर में स्थित गृद्धकूट क्षेत्र के गृद्धकूट भवन का निरीक्षण किया तथा नए रोप-वे की सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से संचालित रहें ताकि आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने आगे राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर पहुँचकर मलमास मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने उन्हें तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि एक माह तक चलने वाले इस विशाल मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए आवासन, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख मार्गों को दुरुस्त रखा जाए, घाटों की साफ-सफाई बेहतर हो तथा प्रशिक्षित पुलिस बलों की पर्याप्त तैनाती रहे ताकि मेला परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे। इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, कई विधायक, मुख्य सचिव एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular