भागलपुर (नवगछिया): नवगछिया अनुमंडल परिसर स्थित मैदान में बड़ी संख्या में मृत मिले कौओं की जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अंजली कुमारी सिन्हा ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि मृत कौओं के सैंपल पटना और भोपाल की उच्च स्तरीय प्रयोगशालाओं में भेजे गए थे, जहां जांच के बाद बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट सामने आते ही जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के चारों ओर 10 किलोमीटर के दायरे में सेनेटाइजेशन अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही इलाके के सभी पोल्ट्री फार्मों से सैंपल एकत्र कर जीरो सर्विलेंस के तहत जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
बताया जा रहा है कि 11 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने एक ही स्थान पर पेड़ के नीचे 150 से अधिक मृत कौए देखे थे। कई कौए तड़पती हालत में भी मिले, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी मृत पक्षियों को सुरक्षा मानकों के तहत हटाया गया। इसके बाद वन विभाग और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम ने सैंपल कलेक्ट कर जांच के लिए भेजा था।
भोपाल से रिपोर्ट आने के बाद प्रशासनिक गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।


