Homeभागलपुर सिटीभागलपुर में बड़ा CSR MoU: NTPC देगा 3.70 करोड़, लाइब्रेरी-स्कूल-CCTV को मिलेगा...

भागलपुर में बड़ा CSR MoU: NTPC देगा 3.70 करोड़, लाइब्रेरी-स्कूल-CCTV को मिलेगा बूस्ट

Bhagalpur News: भागलपुर में विकास, शिक्षा और सुरक्षा को नई रफ्तार देने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। पहली बार जिला प्रशासन और एनटीपीसी कहलगांव प्रबंधन के बीच कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत एक बड़ा समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किया गया है। इस समझौते के तहत करीब 3 करोड़ 70 लाख रुपये की राशि से सरकारी लाइब्रेरी का निर्माण, 10 सरकारी विद्यालयों का विकास और शहर में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना की जाएगी।

MoU साइनिंग कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, एनटीपीसी कहलगांव के हेड ऑफ प्रोजेक्ट रविंद्र पटेल सहित दोनों पक्षों के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को भागलपुर जिले के लिए विकास की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जहां CSR फंड का उपयोग सीधे जनसुविधाओं को मजबूत करने में होगा।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एनटीपीसी का यह सहयोग शिक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी एनटीपीसी की ओर से अस्पतालों, स्कूलों और अन्य सामाजिक क्षेत्रों के लिए CSR फंड उपलब्ध कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि सरकारी लाइब्रेरी बनने से छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।

वहीं एनटीपीसी कहलगांव के हेड ऑफ प्रोजेक्ट रविंद्र पटेल ने बताया कि MoU के तहत स्वीकृत सभी परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सिर्फ बिजली उत्पादन ही नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को भी गंभीरता से निभा रहा है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बायोमास फायरिंग योजना के तहत बिहार सहित 400 किलोमीटर के दायरे में किसानों से पराली खरीदने का लक्ष्य तय किया गया है। करीब 6 लाख टन पराली खरीद का टारगेट रखा गया है। इससे किसानों को अतिरिक्त आय का स्रोत मिलेगा और पराली जलाने की समस्या में कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

जिला प्रशासन और एनटीपीसी के बीच हुआ यह CSR MoU भागलपुर में शिक्षा, सुरक्षा, किसान हित और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक मजबूत और दूरगामी कदम माना जा रहा है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular