Bhagalpur News अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ भागलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में जिलेभर से 24 वाहनों को जब्त कर लिया है। यह विशेष अभियान 03 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि को वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन जांच अभियान चलाया गया।
पुलिस को इस दौरान बिना वैध चालान और ओवरलोड होकर अवैध रूप से खनिज पदार्थों के परिवहन की सूचना मिली थी। अभियान के दौरान अवैध गिट्टी, बालू और लदा हुआ खनिज परिवहन करते हुए कई ट्रक और अन्य भारी वाहन पकड़े गए। सभी जब्त वाहनों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
अभियान में वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने रातभर सड़कों पर उतरकर सख्ती से वाहन जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।
थाना क्षेत्रवार जब्ती की बात करें तो—
औद्योगिक क्षेत्र से 8 वाहन,
कहलगांव से 4 वाहन,
शिवनारायणपुर, सबौर, लोदीपुर, जगदीशपुर और सन्हौर से 2-2 वाहन,
जबकि बांध और बरारी थाना क्षेत्र से 1-1 वाहन जब्त किए गए।
इस तरह कुल 24 वाहनों की जब्ती की गई।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना कागजात परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
भागलपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


