Patna News: चैत्र मास के आखिरी मंगलवार और महावीर जयंती के अवसर पर नालंदा के मघड़ा गांव स्थित प्रसिद्ध मां शीतला मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी थी। सुबह करीब 10 बजे अचानक मची भगदड़ में 8 महिलाओं की दबकर मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। घटना के बाद पूरे जिले में चीख-पुकार मची हुई है।
कैसे हुई घटना?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में क्षमता से कहीं अधिक भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान अचानक किसी अफवाह या धक्का-मुक्की की वजह से भगदड़ मच गई। बैरिकेडिंग टूट गई और लोग एक-दूसरे को कुचलते हुए भागने लगे। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं का आरोप है कि प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे।
मृतकों की सूची (पहचान):
प्रशासन द्वारा अब तक मृत महिलाओं की पहचान कर ली गई है:
- रीता देवी – सकुंत मोहल्ला, बिहारशरीफ
- रेखा देवी – नूरसराय
- अनुष्का देवी – रहुई
- कांति देवी – नवादा
- देवंती देवी – इस्लामपुर
- मालो देवी – हिलसा
- चिंता देवी – रहुई
- कांति देवी – दीपनगर
प्रशासनिक कार्रवाई और मुआवजा
घटना पर पटना आईजी ने सख्त रुख अपनाते हुए दीपनगर थाना प्रभारी राजमणि सहित चार पुलिसकर्मियों को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है।
- मुआवजा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये (4 लाख आपदा राहत कोष + 2 लाख मुख्यमंत्री राहत कोष) देने की घोषणा की है। वहीं केंद्र सरकार ने भी 2 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है।


