राष्ट्रीय

18+ वाले युवाओं का वैक्सीनेशन दिल्ली में आज से रुका, केजरीवाल बोले- रविवार से सभी सेंटर हो जाएंगे बंद..

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि दिल्ली में कोरोना की रफ्तार अब काफी कम हो गई है। पिछले 24 घंटे में सिर्फ 2200 नए केस सामने आए हैं। संक्रमण दर भी घटकर 3.5% रह गई है, लेकिन इसका ये मतलब नहीं है कि कोरोना का खतरा अब टल गया है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में आज से 18 साल से ऊपर के युवाओं का वैक्सीनेशन बंद हो गया है। केंद्र सरकार ने युवाओं के लिए जितनी वैक्सीन भेजी थीं वो खत्म हो गई हैं। कुछ वैक्सीन की डोज बची हैं वो कुछ सेंटर में दी जा रही हैं, वो भी शाम तक खत्म हो जाएंगी। दिल्ली में रविवार से युवाओं के वैक्सीनेशन के सभी सेंटर बंद हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र ने दिल्ली का वैक्सीन कोटा पहले से भी कम कर दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को हर महीने 80 लाख वैक्सीन की जरूरत है। इसके मुकाबले मई में हमें केवल 16 लाख मिलीं, जबकि जून के लिए केवल 8 लाख वैक्सीन दी जाएंगी। अगर हर महीने 8 लाख वैक्सीन मिलीं तो 18 साल से ऊपर के लोगों को वैक्सीन लगाने में 30 महीने से भी अधिक लग जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में वैक्सीन ही सबसे बड़ा हथियार है। मेरी केंद्र सरकार से अपील है कि दिल्ली को पर्याप्त मात्रा वैक्सीन उपलब्ध कराएं। केंद्र सरकार ने अब तक युवाओं के लिए जितनी वैक्सीन भेजी थी वो खत्म हो गई है। केंद्र से हमने और वैक्सीन मांगी है। मुझे बहुत दुख है कि वैक्सीन खत्म होने के कारण हमें युवाओं के वैक्सीनेशन सेंटर बंद करने पड़ रहे हैं।

1. भारत बायोटेक वैक्सीन का फॉर्मूला देने को तैयार हो गई है। केंद्र सभी वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों को तुरंत वैक्सीन बनाने का आदेश दे। हमारे लिए एक एक दिन कीमती है।

2. सभी विदेशी वैक्सीन को 24 घंटे के अंदर भारत में इस्तेमाल करने की इजाजत दी जाए। सभी राज्यों की तरफ से भारत सरकार बात करे। अभी भारत के 36 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश वैक्सीन कंपनियों के सामने आपस में लड़ रहे हैं। इससे भारत की क्या छवि बन रही है?

3. कुछ देश जिन्होंने जनसंख्या से ज्यादा वैक्सीन जमा कर रखी है, भारत सरकार को उनसे वैक्सीन लेने की गुजारिश करनी चाहिए।

4. सभी विदेशी कंपनियों को भारत में वैक्सीन उत्पादन करने की तुरंत अनुमति दी जाए। 

दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना से संक्रमित 7,288 और मरीज स्वस्थ हुए, लेकिन इस दौरान 252 और मरीजों की मौत हो गई। राहत की बात यह है कि स्वस्थ होने वालों की संख्या नए संक्रमितों से अधिक रही। इस दौरान नए मामलों की संख्या 3,009 रही। राजधानी में नए मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि होने से सक्रिय मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली में शुक्रवार को एक्टिव मामले 4,531 और घट कर 35,683 पहुंच गए।

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में में 3,009 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 14,12,959 तक पहुंच गई है, जबकि 7,288 और मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना मुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 13,54,445 हो गई। इस दौरान 252 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 22,831 पर पहुंच गया। राजधानी में मृत्यु दर महज 1.61 फीसदी रह गई है। मृतकों के मामले में देशभर में दिल्ली तीसरे स्थान पर है। राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान 63,190 नमूनों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही अब तक हुई जांच संख्या बढ़कर 4.96 करोड़ के पार पहुंच गई है। प्रत्येक 10 लाख आबादी पर जांच का औसत 9,78,736 है। इस बीच राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या घट कर 50,076 पहुंच गई है। 

Silk Tv

Silk TV पर आप बिहार सहित अंगप्रदेश की सभी खबरें सबसे पहले देख सकते हैं !

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker