रिपोर्ट – सैयद ईनाम उद्दीन
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : बिहार के नगर निकाय कर्मियों की हड़ताल बुधवार को नौ वें दिन खत्म हो गई। पटना हाईकोर्ट के निर्देश पर बिहार लोकल बाडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ ने अपनी हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया।

वहीं हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के बाद सभी कर्मी काम पर वापस लौट गए। बताया जा रहा है कि कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सरकार को नगर निगम कर्मियों के साथ उनकी मांगों को लेकर बैठक करने और अगले आठ सप्ताह के अंदर हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया है। साथ ही अदालत ने सफाई कर्मियों की मांगों को ध्यान में रखते हुए सरकार को उनके साथ बातचीत कर इसका हल निकालने का आदेश भी दिया है।

बता दें कि निकाय कर्मचारी अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर बीते एक सफ्ताह से हड़ताल पर थे। जानकारों की माने तो पिछले10 वर्षों में यह पहला मौका है, जब सम्पूर्ण बिहार में सफाई, जलकल और कार्यालय कर्मियों की हड़ताल इतने दिनों तक एक साथ चली। इधर हड़ताल टूटने की घोषणा होते ही कर्मचारी अपने अपने काम में लग गए।

भागलपुर नगर निगम कर्मचारी संघ के नेता मनोज कृष्ण सहाय ने बताया कि हाई कोर्ट के आदेश पर संघ ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने बताया कि कोर्ट ने नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव को 21 अक्टूबर को न्यायालय में उपस्थित होकर कर्मचारियों की मांग पर स्पष्टीकरण देने को कहा है। गौरतलब हो कि निगम कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने से शहर की पेयजलापूर्ति और सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी।

वहीं हड़ताल समाप्त होते ही सफाई कर्मी नगर निगम परिसर और गोदामों से वाहन निकालकर सफाई कार्य में जुट गए।