
रिपोर्ट – सैयद ईनाम उद्दीन
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : अपनी आवाज से कई पीढ़ियों के दिलों पर राज करने वाली स्वर कोकिला लता मंगेशकर का निधन रविवार को हो गया है। पिछले कई दिनों से वह मुम्बई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थीं।

भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर की उम्र 92 साल थी। वहीं लता मंगेशकर के निधन के बाद देश में दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। अब दो दिन तक तिरंगा ध्वज आधा झुका रहेगा। वहीं शिवाजी पार्क में राष्ट्रीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा।

इधर स्वर कोकिला के निधन पर देश भर में शोक की लहर देखी जा रही है। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा सिने जगत के कई बड़े सितारों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

भागलपुर में शारदा संगीत सदन, किलकारी, श्रीराम चंदन संगीत फाउंडेशन समेत कई संस्था से जुड़े लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। शारदा संगीत में पंडित शंकर मिश्र नाहर, शर्मिला नाहर, दयांदन समेत कई संगीत प्रेमियों ने दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

जबकि श्रीराम चंदन संगीत फाउंडेशन की ओर से शोक सभा आयोजित कर देश की शान और संगीत जगत की शिरमोर स्वर कोकिला को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।

इस दौरान टीएमबीयू संगीत विभाग के डॉ. अभिषेक तुषार ने कहा कि उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साथ ही बताया कि वे सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा रहेंगी।