युवाओं को शिक्षा के साथ शरीर में होने वाले बदलाव की मिलेगी जानकारी…..

.रिपोर्ट – सैयद ईनाम उद्दीन
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : भागलपुर मारवाड़ी महाविद्यालय परिसर में गुरुवार को सेहत केंद्र का उद्घाटन किया गया। केंद्र का शुभारम्भ कॉलेज के प्राचार्य डॉ केसी झा, विश्वविद्यालय के CCDC डॉ के एम सिंह और सेहत केंद्र के नोडल ऑफिसर डॉ आशीष कुमार मिश्रा ने संयुक्त रुप से फीता काटकर किया।
इस दौरान प्राचार्य डॉ के.सी झा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को शिक्षा के साथ स्वस्थ दिमाग, यौन शिक्षा, मानसिक तनाव, किशोरावस्था में शरीर में होने वाले बदलाव समेत कई ऐसे विषयों की जानकारी देना आवश्यक है,जिससे युवा अनभिज्ञ रहते हैं। उन्होंने कहा कि सेहत केंद्र के माध्यम से छात्र छात्राओं को इन विषयों की जानकारी देने के साथ सार्वजनिक रूप से जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा। वहीं नोडल पदाधिकारी डॉ आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि सेहत केंद्र की स्थापना बिहार स्वास्थ्य समिति के दिशा निर्देशों के अनुसार की गई है। और बिहार के केवल 28 कॉलेज में ही सेहत केंद्र खोला गया है। इसी को लेकर गुरुवार को केंद्र में वैक्सीनेशन कैंप भी लगाया गया। जहां 20 लोगों को वैक्सीन लगाया गया। जिसमे पहला टीका प्राचार्य डॉ के.सी झा ने लगवाया। मौके पर विश्वविद्यालय के विकास पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह, शिक्षक डॉ सुधीर कुमार सिंह, डॉ अतुल चंद्र घोष, ग्रुप लीडर मृत्युंजय कुमार समेत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक मौजूद रहे।