
रिपोर्ट-संजीव कुमार पांडेय
सिल्क टीवी/बांका : बांका के चांदन प्रखंड अन्तगर्त बियाही मोड़ के समीप परही गांव में एक पुरानी जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो गुटों में गुरुवार की देर रात हिंसक झड़प हो गई। चांदन पुलिस के अनुसार गांव के जीवलाल यादव तथा डमरुधर यादव के बीच एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसे लेकर चांदन थाना परिसर में जनता दरबार में भूमि विवाद निपटारा के लिए आवेदन दिया गया था। जहाँ अंचला अधिकारी प्रशांत शांडिल्य ने अगले शनिवार को सुनवाई होने की बात कही थी। झड़प में दोनों पक्ष हथियारों से लैस होकर आमने-सामने हो गए। मारपीट के क्रम में डमरुधर यादव पक्ष के कई लोग बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चांदन थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार द्वारा सभी घायलों को चांदन अस्पताल ले जाया गया।वही डमरूधर यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया , जहाँ इलयाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र शिव प्रकाश यादव ने बताया उसके पिता को जमीन विवाद में गोतिया के लोगों ने ही पीट पीट कर मार डाला। घटना की सूचना मिलने के बाद रात में ही डीएसपी प्रेमचंद्र सिंह ने मौके पर पहुँच कर मामले की जांच पड़ताल की। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। घटना से आहत परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। अब देखना है की चांदन पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है।