
रिपोर्ट – सैयद ईनाम उद्दीन
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : प्लुरल्स पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी गुरुवार को भागलपुर साहिबगंज स्थित एक शिक्षण संस्थान में छात्र छात्राओं से रूबरू हुई। इसके पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पम प्रिया और राष्ट्रीय सचिव अनुपम सुमन का स्वागत जिला अध्यक्ष डॉ. संध्या कुमारी ने बुके देकर किया। वहीं अपने संबोधन में पुष्पम प्रिया ने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कमी नहीं है और यहां के स्टूडेंट्स भी काफी लगनशील होते हैं। जिस कारण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर बिहारी छात्रों का डंका बजता है। इस दौरान उन्होंने बिहार सरकार की एजुकेशन पॉलिसी पर कई सवाल खड़े किए। साथ ही कहा कि बिहार की शिक्षा प्रणाली में बदलाव जरूरी है। उन्होंने लालू यादव और नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों मुख्यमंत्री के कार्यकाल में शिक्षा की गुणवत्ता में गिरावट आई है। पुष्पम प्रिया ने छात्र छात्राओं को भरोसा दिलाया कि बिहार में उनकी पार्टी सत्ता में आएगी, तो वह एक सौ स्टूडेंट्स को पढ़ाई के लिए विदेश भेजेगी और सारा खर्च भी खुद वहन करेंगी। वहीं राष्ट्रीय सचिव अनुपम सुमन ने कहा कि पुष्पम प्रिया इंग्लैंड से पढ़ाई पूरी करने के बाद अपनी मातृभूमि की सेवा करना चाहती है, और इसी उद्देश्य से वह राजनीति में आई हैं। पूर्व आईएएस अधिकारी ने बताया कि प्लुरल्स पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी देश की राजनीति में परिवर्तन लाना चाहती है, जिसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। कार्यक्रम में डॉ. संध्या कुमारी ने कहा कि हमारी पहचान हमारे स्टूडेंट्स हैं जो आज विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। मौके पर शिक्षक डी. के. कुमार, निधि भूषण, राकेश कुमार प्रशांत समेत काफी संख्या में छात्र-छात्राएं और पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद थे।