
रिपोर्ट – संजीव कुमार पांडेय
सिल्क टीवी बांका : बांका के अमरपुर थाना पर शुक्रवार को करीब दो दर्जन बदमाशों ने हमला कर दिया। जिसमें थानाध्यक्ष समेत चार पुलिस अधिकारी घायल हो गए। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि शुक्रवार की सुबह कटोरिया गांव के कुछ लोग थाना पर पंहुचे तथा वहां उत्पात मचाने लगे तथा मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने लगे। घटना देख सभी पुलिस अधिकारी एवं जवान दौड़े। दोनों ओर से मारपीट होने लगी इसमें स्वयं थानाध्यक्ष, पुअनि राजेश कुमार सिंह एवं बिशुनदेव कुमार तथा सअनि राजेश कुमार जख्मी हो गए। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें कटोरिया गांव के मो. सज्जाद उर्फ सज्जो, उनके पिता मो. अबुल हसन, मो. आजाद, मो. इख्तार, मो. मंजूर तथा भीखनपुर के मो. इसाक शामिल हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि मो. सज्जाद अनेक कांडों का अभियुक्त है। गुरुवार की रात में पुलिस उसे गिरफ्तार करने गई, लेकिन वह फरार हो गया। शुक्रवार को उसने अपने साथियों के साथ थाना आकर उत्पात मचाने लगा। सभी को न्यायिक हिरासत में बांका भेज दिया गया। इधर मो. सज्जाद उर्फ सज्जो के पिता मो. अबुल हसन ने बताया कि पुलिस उनके पुत्र को गिरफ्तार करने रात में गयी थी, लेकिन वह घर में नहीं था। जानकारी मिलने पर वह शुक्रवार की सुबह थाना पर आत्मसमर्पण करने पंहुचा। पुलिस ने उनके पुत्र के अलावा साथ आए अन्य लोगों तथा उनको झूठे केस में फंसा कर जेल भेज दिया। उन्होंने कहा कि उनके पुत्र पर भी पुलिस ने साजिश के तहत केस कर उसे फंसाया है।