
रिपोर्ट – इशू राज/अंजनी कश्यप
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : अपने दो दिवसीय दौरे पर भागलपुर पहुंचे, जदयू के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सह विधान परिषद सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार को सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आने वाले चुनाव में जदयू को सबसे बड़ी पार्टी बनाने की बात कही। उपेंद्र कुशवाहा ने जातिगत जनगणना को लेकर कहा कि सभी इसके पक्ष में हैं, और अब उम्मीद है कि केंद्र सरकार भी इसका समर्थन करेगी। साथ ही संगठन की मजबूती और जदयू का हर स्तर पर विस्तार करने की बात कही।
वहीं
नवगछिया पहुंचे जदयू के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सह विधान परिषद सदस्य उपेंद्र कुशवाहा ने शराबबंदी को लेकर दिए गए अपने बयान में कहा कि सिर्फ सरकार के चाहने से शराबबंदी संभव नहीं है। बल्कि पूर्ण शराबबंदी के लिये आम लोगों को भी आगे आने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पुलिस शराब पीने वाले और अवैध शराब के व्यवसाय से जुड़े लोगों पर बखूबी कार्रवाई कर रही है। साथ ही उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर कहा कि जबरदस्ती करने से जनसंख्या नियंत्रण नहीं हो सकता है। बल्कि इसके लिये लोगों को जागरूक करने और समझाने की जरुरत है। साथ ही पूरे देश मे महिला शिक्षा को बढ़ावा देना होगा।
इधर इससे पूर्व जदयू के केंद्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा खगड़िया-भागलपुर सीमा पर छतीसनगर में जदयू जिलाध्यक्ष बिरेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उपेन्द्र कुशवाहा का भव्य स्वागत किया। जिसके बाद उपेन्द्र कुशवाहा ने रात्रि प्रवास के दौरान मारवाड़ी धर्मशाला में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। मौके पर गोपालपुर विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल, पूर्व विधायक सह प्रदेश उपाध्यक्ष रणविजय सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता, प्रदेश महासचिव रामपुकार सिन्हा, प्रदेश महासचिव अंगद कुशवाहा और जिलाध्यक्ष बिरेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा समेत काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे.