रिपोर्ट – सैयद ईनाम उद्दीन
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : नगर सरकार के चुनाव में कुछ ही महीने बचे हैं। लिहाजा पार्षद अपने वार्ड की सभी छोटी बड़ी समस्या पर ध्यान देने लगे हैं। दूसरी तरफ कुछ पार्षदों को अपने वार्ड में कंबल बांटने की चिंता भी सता रही है।

क्योंकि पिछले तीन साल से भागलपुर नगर निगम में कंबल बांटने के नाम पर सिर्फ दिखावा और राजनीति हुई। बता दें नगर निगम में चार साल में मात्र दो बार ही कंबल खरीदे गए और जब खरीद हुई तो कम वजनी और घटिया कंबल देने के नाम पर पार्षदों ने इसका विरोध भी किया।

इधर ठंड बढ़ते ही जरूरतमंद कंबल के लिए अपने वार्ड पार्षद का दरवाजा खटखटाने लगे हैं। वहीं निगम प्रशासन की कार्यशैली से नाराज कुछ पार्षद अब निजी फंड से कंबल वितरित कर रहे हैं। पार्षद का कहना है कि शीतलहर बढ़ने पर वार्ड के बुजुर्ग, गरीब और दिव्यांग उनसे कंबल देने की मांग करते हैं।

जबकि निगम के अधिकारी और मेयर को जरूरतमंदों की फिक्र ही नहीं है। शुक्रवार को वार्ड नंबर 42 के पार्षद सरयुग प्रसाद साह ने अपने आवास पर जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटा। इस दौरान पार्षद ने संपन्न लोगों से असहाय लोगों की मदद करने की अपील भी की।

पार्षद सरयुग प्रसाद साह ने कहा कि फिलहाल वार्ड में 5 सौ से अधिक निर्धन लोगों को कंबल दिया गया है। उन्होंने बताया कि ठंड के प्रकोप को देखते हुए आगे भी कंबल वितरण किया जाएगा। पार्षद का मानना है कि ठंड में गरीबों की मदद करना सबसे बड़ा पुण्य का काम है।