
रिपोर्ट – अंजनी कुमार कश्यप
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : गंगा और कोसी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल की स्थिति काफी भयावह होती जा रही है। वही दो दिन पूर्व तटबंध के टूटने से मची तबाही एवं बाढ़ग्रस्त इलाकों का जायजा लेने मंगलवार को सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हेलीकॉप्टर से नवगछिया पहुंचे। मुख्यमंत्री के आते ही नवगछिया इंटर स्तरीय हाई स्कूल में नवगछिया जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार कुशवाहा समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इस दौरान सांसद अजय मंडल की मौजूदगी में सीएम को मांग पत्र भी सौंपा गया जबकि उन्होंने वर्तमान स्थिति की जानकारी कार्यकर्ताओं से ली। इसके बाद सीएम सीधे पकरा हाई स्कूल स्थित बाढ़ राहत शिविर पहुंचे। जहां एक महिला ने नवगछिया अनुमंडल और भागलपुर जिला प्रशासन के द्वारा बाढ़ राहत के नाम पर किये जा रहे कार्यों की पोल खोलते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष आक्रोश व्यक्त किया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री गोपालपुर प्रखंड स्थित लालजी मध्य विद्यालय सिंघिया मकंदपुर के राहत शिविर भी पहुंचे और लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद सीएम वापस इंटर स्तरीय हाई स्कूल पहुंचे और तमाम वरीय अधिकारियों को बाढ़ और कटाव राहत कार्य में तेजी लाकर विस्थापितों और बाढ़ पीड़ितों की हर संभव सहायता करने का निर्देश दिया, फिर सीएम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।