डॉल्फिन और गरुड़ समेत कई वन्य जीवों का संरक्षण आवश्यक : केंद्रीय मंत्री

रिपोर्ट – रवि शंकर सिन्हा/ ईशु राज
सिल्क टीवी भागलपुर (बिहार) : भागलपुर के सुंदरवन में भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और खाद्य उपभोक्ता एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने बुधवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर वृक्षारोपण किया। इससे पूर्व मंत्री तिलकामांझी चौक पहुंचे जहां उन्होंने शहीद तिलका मांझी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

इस दौरान मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है, जिसमे पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग भी शामिल है, और इसी को लेकर भागलपुर के सुंदरवन में वृक्षारोपण कर विभाग के अधिकारियों को कई दिशा निर्देश भी दिया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ वातावरण के लिए वन्य प्राणियों और संरक्षित जीवों की देखभाल आवश्यक है और सरकार इसके लिए तत्पर है।

साथ ही केंद्रीय मंत्री ने भागलपुर की गांगेय डॉल्फिन और गरुड़ समेत कई जीवों के संरक्षण एवं इसके लिए लोगों को जागरूक करने की बात कही। बता दें कि केंद्रीय पर्यावरण और खाद्य उपभोक्ता राज्य मंत्री अश्विनी चौबे केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार और नई जिम्मेदारी के बाद पहली बार भागलपुर पहुंचे, जिसके बाद मंत्री ने अपने सभी सम्बंधित विभागों के कार्यों को लेकर अधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद मंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और कई कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया।