
रिपोर्ट – सैयद ईनाम उद्दीन
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : तारापुर उप चुनाव में प्रचार के बाद भागलपुर पहुंचे बिहार अल्पसंख्यक कांग्रेस के उपाध्यक्ष सह संगठन प्रभारी शिबली मंज़ूर का स्वागत कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर किया।

वहीं काज़ीवलीचक में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संगठन प्रभारी शिबली मंज़ूर ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश वासियों की मूलभूत समस्याओं, बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई, स्वास्थ व्यवस्था और सूबे में विकास की गति पर कई सवाल खड़े किए। साथ ही कहा कि डबल इंजन की सरकार जनता को धोका देने का काम कर रही है।

शिबली मंज़ूर ने सरकार की नाकामी को बताते हुए आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की 70% आबादी गरीबी रेखा से नीचे है और 53% लोग ही शिक्षित है। फिर भी सरकार विकास का झूठा ढिंढोरा पीट रही है। वहीं एक सवाल के जवाब में अल्पसंख्यक कांग्रेस के उपाध्यक्ष शिबली मंजूर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का जन सरोकार से कोई वास्ता नहीं है। क्योंकि बिहार की जनता गरीबी, बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की जनता को मूलभूत सुविधाएं भी मयस्सर नहीं हो पा रही है।

प्रेस वार्ता में शिबली मंजूर ने कहा कि, जनता को झूठे वादे नहीं, विकास चाहिए। साथ ही कहा कि जब बाढ़ का मौसम आता है तब सरकार को तटबंध की मरम्मत की याद आती है। बरसात आने पर नालों की सफाई की जाती है और गर्मी में बिजली के तार बदले जाते हैं। क्योंकि इसका मकसद काम कराना नहीं बल्कि फर्जी विपत्र बनाकर करोड़ों की सरकारी राशि का गबन करना है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान नगर अध्यक्ष तकी अहमद जावेद, फरहान अख्तर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।