राजनीति

जदयू जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग पर अड़े कार्यकर्ता, कई नेताओं ने दिया इस्तीफा….

रिपोर्ट – सैयद ईनाम उद्दीन

सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : भागलपुर जदयू संगठन में चल रहा अंतरकलह अब खुल कर सामने आ चुका है। जिला कमेटी गठित होते ही करीब दो दर्जन जदयू नेताओं ने सोमवार को जिलाध्यक्ष पंचम श्रीवास्तव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बागी गुट के नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को अपना त्यागपत्र भेज दिया। वहीं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को लिखे पत्र में जदयू नेताओं ने पंचम श्रीवास्तव को बदलने की मांग करते हुए संगठन के पुराने कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष बनाने की मांग की। इधर युवा जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह ने कहा कि वर्तमान जदयू जिलाध्यक्ष बीते पांच वर्ष में तीन पार्टियां बदल कर जदयू में शामिल हुए हैं। उन्हें अचानक जिलाध्यक्ष बना दिया गया, जो पार्टी के लिए ठीक नहीं है। वहीं उपाध्यक्ष इंद्र प्रकाश मंडल ने बताया कि जिलाध्यक्ष ने 105 सदस्यीय कमेटी बनाई है। जिसमें फर्जी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा है। संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष पंचम श्रीवास्तव पर आरोप लगाया कि उन्होंने जिला कमेटी में पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अपमान किया है। साथ ही जिला कमेटी में ऐसे लोगों को जगह दी गई, जिन्हें पार्टी के वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता पहचानते तक नहीं हैं। जदयू के जिला महासचिव अनिल कुमार ने कहा कि पंचम श्रीवास्तव ने ऐसे लोगों को तरजीह दी है, जिनका पार्टी से नहीं, बल्कि उनसे सरोकार रहा है। ब्रजकिशोर सिंह ने कहा कि पार्टी जब तक पंचम श्रीवास्तव को पद से नहीं हटाती है। तब तक विरोध जारी रहेगा। इधर जदयू जिला प्रवक्ता राकेश ओझा ने जिलाध्यक्ष का बचाव करते हुए कहा कि ब्रजकिशोर पूर्व में भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित हो चुके हैं। जिला प्रवक्ता ने बताया कि ब्रजकिशोर अपने निजी स्वार्थ के लिए दो-चार लोगों को मिलाकर ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि संगठन पूरी तरह मजबूत है। लेकिन भीड़ दिखाने के लिए अनिल कुमार और ब्रजकिशोर ने कई ऐसे लोगों को भी जुटा लिया जो पार्टी के सदस्य तक नहीं हैं।

Silk Tv

Silk TV पर आप बिहार सहित अंगप्रदेश की सभी खबरें सबसे पहले देख सकते हैं !

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker