
रिपोर्ट – सैयद ईनाम उद्दीन
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : अपने कारनामों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाला भागलपुर नगर निगम ठंड में भी गरीबों को कंबल नहीं दे पाया। वहीं कंबल नहीं मिलने से आक्रोशित पार्षदों ने बुधवार को निगम कार्यालय के सामने नगर आयुक्त और मेयर का पुतला फूंका।

इस दौरान पार्षदों ने मेयर और नगर आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्षदों ने कहा कि लगातार तीन वर्षों से निगम के द्वारा कंबल की खरीदारी नहीं की गई। जिसके कारण कई जरूरतमंद लोग कड़ाके की ठंड में अपने वार्ड पार्षद के दरवाजे पर कंबल के इंतजार में रोज आते हैं। बताया कि कुछ लोगों को निजी फंड से कंबल खरीद कर देना पड़ा।

पार्षद हंसल सिंह, संजय सिन्हा, उमर चांद और गोविंद बनर्जी ने बताया कि चुनाव नजदीक है। ऐसे में कंबल वितरण नहीं होने से वार्ड की जनता नाराज होती जा रही है। लेकिन निगम के अधिकारी इस पर कोई ध्यान ही नहीं देते। जबकि पार्षद प्रतिनिधि मो. सोनू और मेराज ने बताया कि मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।