उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर का किया उदघाटन, कहा रक्तदान कर बने महादानी

रिपोर्ट – सैयद ईनाम उद्दीन
सिल्क टीवी/भागलपुर (बिहार) : मानव संसाधन सप्ताह को लेकर यूनियन बैंक क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से गुरुवार को स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में लगाए गए कैंप का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, भागलपुर सांसद अजय मंडल, मेयर सीमा साहा, बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख अशोक उपाध्याय, जेएलएनएमसीएच के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार सिन्हा, अधीक्षक डॉ. असीम कुमार दास समेत कई अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं अपने संबोधन में बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कोरोना काल में बल्ड डोनेट करने वालों की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने वर्तमान स्थिति को देखते हुए अधिक से अधिक ब्लड डोनेशन कैंप लगाने पर जोर दिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि बैंक की ओर से लगाया गया स्वास्थ्य जांच शिविर समाज को स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण कड़ी का काम करेगा। उन्होंने रक्तदान कर महादानी बनने की बात कही। इधर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख अशोक उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नही है और इसमें पूरी तरह मानव सेवा की अनुभूति होती है। साथ ही उन्होंने सभी स्वस्थ व्यक्ति से रक्तदान करने की अपील भी की।