रिपोर्ट – सुमित शर्मा/रवि शंकर सिन्हा
सिल्क टीवी भागलपुर (बिहार) :नाथनगर में राजस्व कर्मचारी के मुंशी के रूप में काम करने वाले सुदीन मंडल को सोमवार की शाम एक महिला ने अंचल कार्यालय में घुसकर जमकर धुनाई कर दी। मामले को लेकर महिला का कहना है कि सुदीन मंडल राजस्व कर्मचारी का दलाल है, और वह इलाके के आवेदकों से म्यूटेशन के नाम पर अवैध वसूली करता है।

महिला ने कहा कि सुदीन ने पैसे लेकर एक परिवार का फर्जी बटवारा नामा के आधार पर जमीन का म्यूटेशन करा दिया है। जबकि महिला ने सुदीन मंडल पर म्यूटेशन के नाम पर उससे भी 35 हजार रुपए की मांग करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि जब उसने पैसा देने से इनकार कर दिया, तो सुदिन ने अपनी मनमानी कर फर्जी तरीके से म्यूटेशन कर दिया।

वहीं इस दौरान नाथनगर अंचल कार्यालय में करीब एक घंटे तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। बता दें कि तांती बाजार चंपानगर की रहने वाली महिला प्रिया गिल ने कहा कि एक पक्ष से मोटी रकम लेकर अंचल कार्यालय में बैठे दलाल ने म्यूटेशन कर दिया है और वृद्ध महिला पिछले आठ वर्षों से अंचल कार्यालय का चक्कर काट रही है। साथ ही कहा कि सुदीन ने वृद्ध महिला की जमीन सुरेन्द्र यादव से एक लाख रुपया लेकर उसके नाम पर रसीद काट दिया और उसके नाम म्यूटेशन भी कर दिया।

जबकि महिला ने राजस्व कर्मचारी के दलाल को पकड़कर चंपानगर स्थित पीड़िता की जमीन पर भी ले गई। इधर सुदीन मण्डल ने बताया कि वह राजस्व कर्मचारी ओमकार बाबू का स्टाफ है, और उसके ऊपर जो भी आरोप लग रहे हैं, वो सभी बेबुनियाद हैं। सुदिन ने कहा कि वो म्यूटेशन का काम नहीं करता है। वहीं नाथनगर अंचलाधिकारी स्मिता झा ने कहा कि जिस जमीन के बारे में गलत म्यूटेशन की बात कही जा रही है, उस जमीन का म्यूटेशन 1 वर्ष पूर्व ही हुआ है, और अगर उन्हें कोई कोई आपत्ति थी तो उन लोगों को पहले ही अपील में जाना चाहिए था।

सीओ ने कहा कि अंचल कार्यालय में घुसकर एक प्राइवेट कर्मी के साथ मारपीट की सूचना मिली है, जो व्यक्ति राजस्व कर्मी के साथ ही रहता है। साथ ही सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने और अंचल कार्यालय में सरकारी दस्तावेज के साथ छेड़छाड़ में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।